Home/Engage/Article

मार्च 09, 2023 279 0 फादर जोसेफ गिल, USA
Engage

प्रश्नोत्तर: केवल पुरुष ही पुरोहित क्यों बन पाते हैं?

प्रश्न– ऐसा क्यों है कि केवल पुरुष ही पुरोहित बन पाते हैं? क्या यह महिलाओं के साथ भेदभाव नहीं है?

उत्तर– एक शरीर में कई अंग होते हैं, जिनमें से प्रत्येक की एक अलग भूमिका होती है। कान पैर नहीं हो सकता, न आंख हाथ बनने की इच्छा कर सकती है। पूरे शरीर को अच्छी तरह से काम करने के लिए, प्रत्येक भाग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

इसी तरह ख्रीस्त के शरीर अर्थात कलीसिया की भी कई अलग-अलग और सुंदर-सुन्दर पूरक भूमिकाएं हैं! प्रत्येक व्यक्ति की बुलाहट पुरोहित बनने के लिए नहीं है, परन्तु संत बनने की बुलाहट उन सभी के लिए है चाहे वे किसी भी प्रकार की बुलाहट में हो।

पुरोहिताई जीवन कई कारणों से पुरुषों के लिए आरक्षित किया गया है। पहला, येशु ने स्वयं अपने प्रेरितों के रूप में केवल पुरुषों को चुना। जैसा कि कुछ लोग दावा करते है, यह केवल उस समय की संस्कृति के कारण नहीं है। येशु ने अक्सर महिलाओं के साथ अपने संबंधों में उस समय के सांस्कृतिक मानदंडों को तोड़ा — उन्होंने सामरी महिला के साथ खुशनुमा माहौल में बातें की, उन्होंने अपने दिल में महिलाओं का स्वागत किया, उनके पुनरुथान की सबसे पहले गवाह महिलाएं ही थी। येशु ने महिलाओं के साथ समान व्यवहार करते हुए उन्हें एक उल्लेखनीय गरिमा और सम्मान प्रदान किया – लेकिन उन्होंने, उन्हें प्रेरित की अनूठी भूमिका के लिए नहीं चुना। यहाँ तक कि उनकी अपनी माँ मरियम, जो अन्य सभी प्रेरितों की तुलना में पवित्र और अधिक वफादार थीं, उसे भी प्रेरित के रूप में नहीं चुना। प्रेरित ही पहले धर्माचार्य या बिशप थे, और सभी पुरोहित और धर्माचार्य लोग प्रेरितों में अपनी आध्यात्मिक वंशावली का पता लगा सकते हैं।

एक दूसरा कारण है, जब एक पुरोहित संस्कारों का अनुष्ठान करता है, तब वह मसीह के व्यक्तित्व को धारण करके उपस्थित रहता है। एक पुरोहित यह नहीं कहता है, “यह ख्रीस्त का शरीर है” – बल्कि वह कहता है, “यह मेरा शरीर है”। वह यह नहीं कहता है कि “ख्रीस्त तुम्हारे पाप क्षमा करते हैं” बल्कि यह कहता हैं, “मैं तुम्हारे पाप क्षमा करता हूँ।” एक पुरोहित के रूप में, इन वचनों को अपने ऊपर लागू करने में मुझे अयोग्यता एवं भय महसूस होता है! लेकिन जैसा कि पुरोहित मसीह के व्यक्तित्व में उपस्थित रहता है, वह स्वयं को अपनी दुल्हन कलीसिया को समर्पित कर देता है, इसलिए यह उचित है कि पुरोहित एक पुरुष ही हो।

एक अंतिम कारण सृष्टि के क्रम में है। हम देखते हैं कि परमेश्वर पहले चट्टानों, तारों और अन्य निर्जीव वस्तुओं की रचना करता है। यह कोई बड़ी बात नहीं। तब परमेश्वर पेड़-पौधों की सृष्टि करता है — इस तरह जीवन आया! तब परमेश्वर जानवरों की रचना करता है – चलता-फिरता और सचेत जीवन आया! तब परमेश्वर मनुष्य की रचना करता है – वह जीवन जो उसके प्रतिरूप और सदृश्य है! लेकिन ईश्वर का कार्य अभी समाप्त नहीं हुआ है। उसकी सृष्टि का चरम बिन्दु स्त्री है – ईश्वर की सुंदरता, कोमलता और प्रेम का पूर्ण प्रतिबिम्ब! केवल एक स्त्री ही जीवन को उत्पन्न कर सकती है जैसा परमेश्वर करता है; एक महिला संबंधपरक होने के लिए बनाई गई है, क्योंकि ईश्वर रिश्ते को प्यार करता है। अतः हम यह कह सकते है कि स्त्री ईश्वर की रचना का शिखर है।

पुरोहिताई जीवन की बुलाहट सेवा और भेड़ों के लिए अपना जीवन देने पर केन्द्रित है। इसलिए महिलाओं द्वारा पुरुषों की सेवा करना उचित नहीं होगा, बल्कि पुरुषों द्वारा महिलाओं की सेवा करना उचित होगा। पुरुषों को दूसरों की हिफाज़त करने और साधन प्रदान करने के लिए बनाया गया है – पुरोहिताई जीवन एक ऐसा तरीका है जिसमें वह उस बुलाहट को जीता है, क्योंकि वह बुराई से आत्माओं की रक्षा और सुरक्षा करता है, और संस्कारों के माध्यम से कलीसिया की आवश्यकताओं की पूर्ती करता है। एक पुरोहित को उसके जिम्मे में सौंपी गई आत्माओं की भलाई के लिए उसे अपना जीवन देने को भी तैयार रहना चाहिए!

यह सोच आधुनिक समय की एक भूल है कि नेतृत्व शक्ति और दमन के समान है। हम देखते हैं कि अक्सर लोग आदिपाप के कारण, नेतृत्व की भूमिकाओं का दुरुपयोग करते हैं, लेकिन ईश्वर के राज्य में नेतृत्व करने का मतलब सेवा करना होता है। अतः हम यह कह सकते हैं कि पुरोहिताई जीवन बलिदान के लिए है, यहां तक कि यह क्रूसित येशु का अनुकरण करने की बुलाहट है। यह पुरुषों के लिए एक विशिष्ट भूमिका है।

इसका यह मतलब नहीं है कि महिलाएँ कलीसिया में दूसरे दर्जे की नागरिक हैं! बल्कि उनकी भी बुलाहट बराबर है, लेकिन अलग है। कई वीर महिलाओं ने शहीदों, संत कुंवारियों, समर्पित धर्म संघियों, मिशनरियों, अगुओं के रूप में – एक विशिष्ट स्त्रैण रूप में – आध्यात्मिक जीवन को धारण करते हुए, रिश्तों को पोषित करते हुए, स्वयं को दुल्हे मसीह के साथ एक होते हुए मसीह के लिए अपना जीवन दिया है।

कलीसिया में विभिन्न प्रकार की विभिन्न पूरक बुलाहटों का होना कितनी सुन्दर बात है!

 

Share:

फादर जोसेफ गिल

फादर जोसेफ गिल हाई स्कूल पादरी के रूप में एक पल्ली में जनसेवा में लगे हुए हैं। इन्होंने स्टुबेनविल के फ्रांसिस्कन विश्वविद्यालय और माउंट सेंट मैरी सेमिनरी से अपनी पढ़ाई पूरी की। फादर गिल ने ईसाई रॉक संगीत के अनेक एल्बम निकाले हैं। इनका पहला उपन्यास “Days of Grace” (कृपा के दिन) amazon.com पर उपलब्ध है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Neueste Artikel